कर्ज चुकाने के लिए रची थी एटीएम लूट की साजिश: करौली के जंगलों से दो आरोपी गिरफ्तार

0
27
The plot to rob the ATM was hatched to repay a debt.
The plot to rob the ATM was hatched to repay a debt.

जयपुर। रामनगरिया थाना क्षेत्र में अक्षय पात्र मंदिर के पास बैंक ऑफ इंडिया (बीओआई) के एटीएम में कैश डालने पहुंचे कर्मचारियों से 42 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को करौली के जंगलों से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अंशू कुमारी जाटव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 26.80 लाख रुपए बरामद कर लिए थे।

अब पुलिस ने वारदात में शामिल सुमित जंगम (26) मासलपुर जिला करौली हाल प्रताप नगर जयपुर और पुष्पेंद्र मीणा (28) निवासी मासलपुर जिला करौली हाल प्रताप नगर जयपुर को गिरफ्तार किया है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

जयपुर पूर्व डीसीपी रंजीता शर्मा ने बताया कि सुमित जंगम और पुष्पेंद्र मीणा पर काफी कर्ज था। कर्ज चुकाने के लिए बड़ी रकम की जरूरत थी। इसके लिए दोनों ने बैंक और एटीएम की रेकी शुरू की।

रेकी के दौरान सामने आया कि अक्षय पात्र मंदिर के पास स्थित बीओआई एटीएम में कैश डालने का समय निश्चित नहीं था और वहां अक्सर महिला कर्मचारी तैनात रहती थीं। आरोपियों को यह जगह वारदात के लिए आसान लगी।

पुलिस के अनुसार तीन दिन की लगातार छुट्टियों के बाद एटीएम में बड़ी मात्रा में नकदी पहुंचाई जा रही थी। इसी दौरान बदमाशों ने हथियार दिखाकर कर्मचारियों से करीब 42 लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।

एडीसीपी जयपुर पूर्व पारसमल जैन और एसीपी सांगानेर दीपक खंडेलवाल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। डीएसटी पूर्व की मदद से पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही आरोपियों के आने-जाने के संभावित रास्तों का रूट मैप तैयार किया गया। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान होने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई।

पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी करौली के जंगलों में छिपे हुए हैं। इसके बाद रामनगरिया थाने के हेड कांस्टेबल नाहर सिंह के नेतृत्व में टीम करौली पहुंची और दोनों को डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस अब वारदात में प्रयुक्त वाहन और लूटी गई शेष रकम की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here