जयपुर। बनीपार्क थाना इलाके में पुलिस के जवान को नाकाबंदी के दौरान शराब के नशे में धुत होकर कार चला रहे युवक को रोकना भारी पड़ गया। शराबी कार चालक ने पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर कांस्टेबल से जमकर गाली -गलौच की और उसके साथ हाथापाई करते हुए उसे सड़क पर पटक दिया। सूचना पर थाने से पहुंचे अतिरिक्त जाब्ते ने शराबी कार चालक को दबोच लिया और कार जब्त कर राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर लिया।
एएसआई भंवर लाल ने बताया कि शास्त्री नगर के आरपीए निवासी सुरेश कुमार (50) जयपुर कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइन में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। 29 अप्रैल को सुबह करीब 3 बजे चौमूं पुलिया के पास पानीपेच तिराहे पर नाकाबंदी में ड्यूटी कर रहा था । तभी चौमूं पुलिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार को उसने रुकने का इशारा किया।
कार रुकने पर सुरेश कुमार ने कार चालक को ब्रेथ एनालाइजर में फूक मारने के लिए कहा। इस पर कार चालक ने फूक मारने से मना कर दिया। पुलिस कांस्टेबल सुरेश कुमार ने कार जब्त करने के लिए कहा था कार चालक आवेश में आ गया और खुद को इंडियन आर्मी का अफसर बताकर गाली-गलौच करने लगा और कांस्टेबल सुरेश की कॉलर पकड़ कर उसे सड़क पर गिरा दिया।
मारपीट के दौरान वर्दी फटने के साथ ही कांस्टेबल के दोनों हाथों व गले पर चोट आई। वहां मौजूद साथी पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे कॉन्स्टेबल को छुड़ाया। बनीपार्क थाने में पीड़ित कॉन्स्टेबल की ओर से राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज कर लिया है।



















