जयपुर। महेश नगर थाना क्षेत्र में करतारपुरा नाले के पास बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज गति से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मारने के बाद उसे करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार नाले के पास लगी रेलिंग से जा टकराई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे की सटीक वजह सामने आ सके। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



















