जयपुर। विद्याधर नगर थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर साइकिल चोर को गिरफ्तार किया है, जो घरों के अंदर घुसकर बिना लॉक वाली महंगी साइकिलों पर हाथ साफ कर देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 12 महंगी व ब्रांडेड साइकिलें बरामद की हैं। आरोपी नशा करने का आदी है और अब तक 20 से अधिक वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर चुका है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि 28 अप्रैल को एक परिवादिया ने विद्याधर नगर थाने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके घर के पोर्च से अज्ञात चोर साइकिल चुरा ले गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया, जिसके आधार पर आरोपी राहुल स्वामी उर्फ कब्बू (23) निवासी पुराना विद्याधर नगर को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने विद्याधर नगर, विश्वकर्मा, शास्त्री नगर और मुरलीपुरा इलाकों से साइकिल चोरी की 20 से अधिक वारदातें की हैं। आरोपी मुख्य रूप से घरों के अंदर बिना लॉक खड़ी महंगी साइकिलों को निशाना बनाता था। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी राहुल स्वामी उर्फ कब्बू शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के करीब 10 प्रकरण विभिन्न थानों में दर्ज हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं। गिरफ्तारी में हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, सुरेश कुमार और कांस्टेबल महेश व महिपाल की विशेष भूमिका रही।


















