जयपुर। जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल जिला स्पेशल टीम (क्राइम ब्रांच सीएसटी) ने नारायण विहार थाना इलाके में कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस आयुक्तालय जयपुर द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन के अंतर्गत सीएसटी टीम ने पुलिस थाना नारायण विहार (दक्षिण) के साथ संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान अवैध हथियार रखने वाले आरोपी विनोद कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस उपायुक्त अपराध संजीव नैन ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर जयपुर के निर्देशन में की गई। पुलिस टीम ने पहले खुफिया सूचना के आधार पर अवैध हथियार तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पहचान की और फिर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
जहां सीएसटी ने नारायण विहार क्षेत्र में महारानी रोड के पास संदिग्ध अवस्था में बैठे व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में पुलिस थाना नारायण विहार (दक्षिण) में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विनोद कुमार (30) सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र का निवासी है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध हथियारों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



















