ठाकुर जी ने धवल रंग की सूती पोशाक धारण की

0
53
Thakur Ji wore a white cotton attire.
Thakur Ji wore a white cotton attire.

जयपुर। वैशाख पूर्णिमा पर मंदिरों में ठाकुर जी विशेष झांकी सजाई गई। आराध्य देव गोविंद देवजी मंदिर (श्री गोविंद धाम) में महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में ठाकुर जी का पंचामृत अभिषेक कर धवल रंग की सूती पोशाक धारण कराई गई। पुष्पों और आभूषणों से अलंकृत किया गया।

सुभाष चौक पानो का दरीबा स्थित श्री शुक संप्रदाय की प्रधान वैष्णव पीठ श्री सरस निकुंज में श्री शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में श्री राधा सरस बिहारी सरकार का वेदोक्त मंत्रोच्चार से अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण कराई गई। ऋतु पुष्पों से मनोरम श्रृंगार किया गया। श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया के निर्देशन में पूर्णिमा के पदों से ठाकुर जी को रिझाया गया।

रामगंज बाजार के लाड़लीजी मंदिर में महंत संजय गोस्वामी के सान्निध्य में पूर्णिमा उत्सव मनाया गया। मंदिर के पाटोत्सव के अवसर पर श्री लाडली जी का अभिषेक किया गया। समाज पद गायन हुआ। महाराज वृषभान किशोरी…, सब सहचरी मानो ऐसी आई…, भज बंशी राधा प्यारी रे…जैसे पदों का गायन किया। केसर पिस्ता, बादाम युक्त मक्खन, रबड़ी, श्रीखंड, फालसे का रस, मेवा, मिश्री मावा सहित विशेष व्यंजनों का भोग लगाया गया।

पुरानी बस्ती स्थित गोपीनाथ जी मंदिर में महंत सिद्धार्थ गोस्वामी के सान्निध्य में ठाकुरजी की विशेष झांकी सजाई गई। चौड़ा रास्ता के राधा दामोदर जी मंदिर में महंत मलय गोस्वामी के सान्निध्य में पूर्णिमा उत्सव श्रद्धा भाव से मनाया गया। रामगंज बाजार के कांवटियो का खुर्रा स्थित श्री श्याम प्राचीन मंदिर में महंत पं. लोकेश मिश्रा के सान्निध्य में अखंड ज्योत प्रज्जवलित कर पूर्णिमा पर श्याम भजन संध्या का आयोजन किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here