जयपुर। रग्बी के खेल में जयपुर की बेटी भूमिका शुक्ला ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हैदराबाद में आयोजित होने वाली आरपीएल (रग्बी प्रीमियर लीग) में भूमिका शुक्ला का चयन हुआ है। उनके चयन की खबर सामने आते ही शहर में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों व जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई दी है।
मुम्बई ड्रीमर्स टीम में मिली जगह
जानकारी के अनुसार जून माह में आयोजित होने वाली आरपीएल में भूमिका शुक्ला ‘मुम्बई ड्रीमर्स’ टीम का प्रतिनिधित्व करती हुई नजर आएंगी। लीग के लिए खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसमें अपनी प्रतिभा के दम पर भूमिका ने मुम्बई ड्रीमर्स की टीम में अपनी जगह पक्की की है।
सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता
भूमिका के चयन की सूचना मिलते ही उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। उनके घर पर मिलने वालों का तांता लगा हुआ है। वहीं, बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से भूमिका को उनकी इस सफलता पर शुभकामनाएं दी हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



















