ट्रिपल मर्डर केस के मुख्य गवाह को जेल से धमकी

0
59

जयपुर। मालवीय नगर थाना इलाके में ढाई साल पहले हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर केस के मुख्य गवाह को जेल से लगातार धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। अलवर जेल में बंद हत्या आरोपी पर मोबाइल कॉल कर गवाह और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाकर सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस के अनुसार खटीकों का मोहल्ला निवासी करन सिंह उर्फ मोनू ने रिपोर्ट में बताया कि 29 नवंबर 2023 को आरोपी शिव प्रताप सिंह ने पड़ोस में रहने वाली गीता देवी की बहू और उसके दो बच्चों की हत्या कर दी थी। इस ट्रिपल मर्डर मामले में मालवीय नगर थाना पुलिस ने आरोपी शिव प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। करन सिंह इस मामले का मुख्य गवाह है।

पीड़ित ने बताया कि 11 फरवरी 2026 को उसके मोबाइल पर कॉल आया, जिसमें जेल में बंद आरोपी शिव प्रताप सिंह ने धमकी दी। इसके बाद 8 मई 2026 को फिर कॉल कर आरोपी ने कहा कि “मेरे से पंगा मत ले, नहीं तो जैसा गीता देवी की बहू और बच्चों के साथ हुआ, वैसा ही तुम्हारे साथ भी होगा।” आरोपी ने गवाही नहीं देने की चेतावनी भी दी।

रिपोर्ट के अनुसार अगले दिन आए दो कॉल पीड़ित की पत्नी ने रिसीव किए। कॉल करने वाली महिला ने खुद को आरोपी की मां बताते हुए गवाही से दूर रहने को कहा। वहीं आरोपी के पिता ने भी धमकी देते हुए कहा कि यदि शिव प्रताप के खिलाफ गवाही दी तो पूरा परिवार अंजाम भुगतेगा।

पीड़ित का आरोप है कि पिछले तीन-चार दिनों से अलग-अलग नंबरों से लगातार धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। कॉल करने वाले उसे, उसके बच्चों और परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here