रिश्वत लेते धरा गया थानाधिकारी: कार से 2.87 लाख रुपए बरामद

0
60
Station House Officer Caught Accepting Bribe: ₹2.87 Lakh Recovered from Car
Station House Officer Caught Accepting Bribe: ₹2.87 Lakh Recovered from Car

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की डूंगरपुर टीम ने प्रतापगढ़ जिले में कार्रवाई करते हुए धोलापानी थाने के थानाधिकारी को रिश्वत प्रकरण में डिटेन किया है। एसीबी टीम ने आरोपित पुलिस निरीक्षक की निजी कार से 2 लाख 87 हजार 150 रुपए की रिश्वत राशि बरामद की है। आरोपित रकम के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी डूंगरपुर को शिकायत मिली थी कि परिवादी के भाई के खिलाफ धोलापानी थाने में दर्ज बलात्कार के मामले में मदद करने, मारपीट नहीं करने तथा परिवादी के पिता को मामले में नहीं फंसाने की एवज में थाना अधिकारी द्वारा रिश्वत मांगी जा रही है।

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर कार्रवाई की गई। एसीबी उदयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में एसीबी डूंगरपुर इकाई के पुलिस उप अधीक्षक रतनसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।

एसीबी के अनुसार थाना अधिकारी प्रवीण कुमार चारण रिश्वत राशि परिवादी के परिचित से लेकर निजी वाहन से यात्रा कर रहा था। इस दौरान निम्बाहेड़ा हाईवे स्थित नरसिंहपुरा टोल नाके पर एसीबी की टीम वाहन को रुकवाकर जांच की गई। तलाशी में वाहन से 2.87 लाख रुपए बरामद हुए।

रकम के संबंध में आरोपित पुलिस निरीक्षक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जिस पर उसे डिटेन कर लिया गया। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ जारी है।

एसीबी टीम आरोपी के सरकारी क्वार्टर की भी तलाशी ले रही है। ब्यूरो ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here