डमी अभ्यर्थी बैठाने वाला पन्द्रह हजार का इनामी एसओजी के हत्थे चढा

0
44

जयपुर। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने भर्ती परीक्षाओं में डमी अभ्यर्थी बैठाने वाले पन्द्रह हजार रुपए के इनामी आरोपित को गिरफ्तार किया है जो लंबे समय से फरार चल रहा था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

एसओजी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि आरोपित भभूताराम उर्फ रणजीत निवासी धनाऊ जिला बाड़मेर को गिरफ्तार किया गया। आरोपित पर एसओजी थाना में दर्ज प्रकरण में 15 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

जांच में सामने आया कि आरोपित भर्ती परीक्षाओं में मूल अभ्यर्थियों की जगह डमी अभ्यर्थी बैठाने का काम करता था। वर्ष 2022 की शारीरिक शिक्षा अध्यापक भर्ती परीक्षा में मूल अभ्यर्थी मुकेश सारण की जगह डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा दिलाई गई थी। इस मामले में एसओजी थाना जयपुर में मामला दर्ज किया गया था।

एसओजी के अनुसार आरोपित पहले भी राजस्थान पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 में डमी अभ्यर्थी बैठाने के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। मामले की जांच के दौरान अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए पिछले करीब डेढ़ से दो वर्षों से राजस्थान से बाहर विभिन्न राज्यों में छिपकर रह रहा था।

बाड़मेर पुलिस के सहयोग से उसे दबोचा गया। पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने अपने लिए फर्जी तरीके से ताइक्वांडो खेल प्रमाण पत्र भी हासिल किया था।

इस संबंध में एसओजी थाना में अलग से मामला दर्ज है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश कर 16 मई 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसओजी अब उससे अन्य आरोपियों और लाभार्थी अभ्यर्थियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here