आईपीएल सट्टेबाजी पर जयपुर पुलिस का बड़ा प्रहार: दो ठिकानों पर छापेमारी कर किए नौ सटोरिए गिरफ्तार

0
28
Nine Bookies Arrested Following Raids at Two Locations
Nine Bookies Arrested Following Raids at Two Locations

जयपुर। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के रोमांच के बीच राजधानी जयपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर नौ सटोरियों को गिरफ्तार किया है। कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने सांगानेर सदर और मुरलीपुरा थाना क्षेत्रों में दबिश देकर राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे गिरोह का भंडाफोड़ किया।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशन और विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन) ओमप्रकाश के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त अपराध संजीव नैन यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 मोबाइल फोन, एलईडी टीवी, सट्टे के हिसाब-किताब की डायरियां, दो लग्जरी वाहन, एक मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में रजिस्टरों में करोड़ों रुपए के लेनदेन का हिसाब सामने आया है।

विशेष पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि सीएसटी को सूचना मिली थी कि सांगानेर सदर थाना इलाके की जेडीए कॉलोनी गोविंदपुरा में दुकान के ऊपर बने कमरे में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चलाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी तो वहां आरोपी राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के मैच पर एप के जरिए ऑनलाइन दांव लगवा रहे थे। जांच में सामने आया कि आरोपी बुकियों उत्तम सैनी, निरंजन शर्मा और भगवान शर्मा से लाइन लेकर सट्टेबाजी कर रहे थे।

पुलिस ने मौके से धर्म सिंह चौधरी निवासी शिकारपुरा जयपुर, रोशन चौधरी निवासी शिकारपुरा जयपुर, हरि गुर्जर निवासी शिकारपुरा जयपुर, महेंद्र चौधरी निवासी शिकारपुरा जयपुर, अजीत चौधरी निवासी सांयपुरा जयपुर, गिर्राज चौधरी निवासी राहोली टोंक तथा सूर्यप्रकाश चौधरी निवासी रणवा की ढाणी जयपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 15 मोबाइल फोन, तीन रजिस्टर, दो लग्जरी वाहन, एक बाइक, कैलकुलेटर और 1.27 लाख रुपए नकद जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस, आईटी एक्ट और आरपीजीओ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वहीं दूसरी कार्रवाई मुरलीपुरा थाना इलाके के विजयवाड़ी क्षेत्र में की गई, जहां आरोपी पुलिस से बचने के लिए मकान के भीतर ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पुलिस ने मौके से योगेश जैन उर्फ पिल्लू और संजय जैन को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी सौरभ और अभिषेक नामक बुकियों से लाइन लेकर एप के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे।

पुलिस ने इनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन, एक एलईडी टीवी, जियो फाइबर सेटअप बॉक्स और हिसाब-किताब का रजिस्टर बरामद किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस अब पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य सटोरियों व ऑनलाइन गिरोह के तार खंगालने में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार तेजी से फैलता है और सटोरिए डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को इस अवैध कारोबार में फंसा रहे हैं। जयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध सट्टेबाजी या ऑनलाइन जुए की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here