जयपुर। करधनी थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक ‘लुटेरी दुल्हन’ शादी के महज 10 दिन बाद ससुराल में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात समेटकर रफूचक्कर हो गई। बिचौलियों ने शादी कराने के एवज में दूल्हा पक्ष से 10 लाख से अधिक रुपये ऐंठे थे। दुल्हन के भागने के बाद जब परिजनों ने दलालों से जवाब मांगा, तो उन्होंने झूठे केस में फंसाने की धमकियां देना शुरू कर दिया। अब पीड़ित पक्ष की ओर से कोर्ट के जरिए लुटेरी दुल्हन और दलालों के गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
एएसआई सुरेश कुमार के अनुसार क्षेत्र निवासी पीड़ित के भाई की शादी के लिए लंबे समय से रिश्ते की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान एक परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात दलालों से हुई। दलालों ने शादी कराने का झांसा दिया और जनवरी 2026 में एक युवती से मिलाया। रिश्ता तय होने के एवज में आरोपियों ने 3 लाख 18 हजार रुपये ऑनलाइन और 7 लाख रुपये नकद, यानी कुल 10 लाख 18 हजार रुपये वसूल लिए।
रकम ऐंठने के बाद दलालों ने फरवरी 2026 में करधनी स्थित एक मैरिज गार्डन में धूमधाम से शादी करवाई। शादी के बाद दुल्हन करीब 10 दिन तक ससुराल में रही। इसके बाद एक दिन मौका पाकर अलमारी में रखे लाखों रुपये के कीमती सोने-चांदी के आभूषण लेकर अचानक गायब हो गई। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
कोर्ट की शरण में पहुंचा पीड़ित परिवार
दुल्हन के अचानक गायब होने पर जब पीड़ित परिवार ने रिश्ता कराने वाले दलालों से संपर्क किया, तो उन्होंने परिजनों के साथ गाली-गलौज की और उल्टे संगीन केसों में फंसाने की धमकियां देने लगे। दलालों के रवैये और ठगी से परेशान होकर दूल्हे के भाई ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के निर्देश पर अब करधनी थाना पुलिस ने लुटेरी दुल्हन और दलालों के संगठित गिरोह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



















