पुलिस कमिश्नर की जनसुनवाई में कई परिवादियों को मौके पर मिली राहत

0
47

जयपुर। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शनिवार को पुलिस थाना कानोता में आयोजित जनसुनवाई में बस्सी सर्किल के तीन थाना क्षेत्रों से पहुंचे परिवादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर परिवादियों को राहत दिलाई गई। वहीं, शेष लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

प्रकरणवार सुनीं परिवेदनाएं

जनसुनवाई में बस्सी, कानोता एवं तूंगा थाना क्षेत्रों से बड़ी संख्या में परिवादी पहुंचे और अपनी समस्याएं पुलिस कमिश्नर के समक्ष रखीं। पुलिस कमिश्नर ने प्रत्येक प्रकरण की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हर शिकायत पर संवेदनशीलता से कार्रवाई

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परिवाद पर निष्पक्ष एवं संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। थाना स्तर पर आयोजित जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान कर उन्हें समय पर राहत उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी परिवाद को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।

आपसी विवाद से भूमि-संपत्ति मामलों तक शिकायतें

जनसुनवाई के दौरान आपसी विवाद, पारिवारिक प्रकरण, भूमि एवं संपत्ति संबंधी विवाद, अवैध कब्जे, चोरी, मारपीट सहित विभिन्न मामलों में परिवाद प्राप्त हुए। पुलिस कमिश्नर ने सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (अपराध) अजय सिंह सहित संबंधित थानों के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
कई स्थानों पर हो चुकी हैं जनसुनवाई
उल्लेखनीय है कि आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए पुलिस कमिश्नर की ओर से शहर के विभिन्न थाना एवं सर्किल स्तर पर लगातार जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में एसीपी कार्यालय झोटवाड़ा, सामुदायिक भवन सांगानेर, पुलिस थाना शिप्रापथ, विद्याधर नगर, भांकरोटा, बस्सी, शिवदासपुरा, चौमूं, आमेर, रामगंज, चित्रकूट, मालवीय नगर, जामडोली, करधनी, प्रताप नगर और मुहाना सहित विभिन्न स्थानों पर जनसुनवाई आयोजित की जा चुकी है। इनमें बड़ी संख्या में परिवादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here