नाहरगढ़ जैविक उद्यान में वन्यजीव सप्ताह 2026 का भव्य शुभारंभ

0
48

जयपुर । वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता एवं जैव विविधता के प्रति आमजन एवं विद्यार्थियों में संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जयपुर स्थित नाहरगढ़ जैविक उद्यान में वन्यजीव सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया गया।

वन्यजीव सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि श्री रामकरण खैरवा, वन संरक्षक जयपुर द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उप वन संरक्षक, जयपुर उत्तर  मनफूल विश्नोई, उप वन संरक्षक वन्यजीव चिड़ियाघर जयपुर डॉ. आशीष व्यास एवं सेवानिवृत्त  देवेन्द्र भारद्वाज सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

उप वन संरक्षक वन्यजीव चिड़ियाघर जयपुर डॉ. आशीष व्यास ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह के प्रथम दिवस विभिन्न जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत वन क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ वन पर्यावरण का संदेश दिया गया। अभियान में उपस्थित प्रतिभागियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वन क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास के संरक्षण का संकल्प लिया।

डॉ. व्यास ने बताया कि विद्यार्थियों को नाहरगढ़ जैविक उद्यान का भ्रमण करवाया गया, जिसके माध्यम से उन्हें वन्यजीवों, जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण तथा पर्यावरण के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों ने उद्यान में विभिन्न वन्यजीवों एवं उनके संरक्षण से संबंधित गतिविधियों को समझा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।

वन्यजीव सप्ताह 2026 के माध्यम से वन विभाग द्वारा विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन को वन्यजीव संरक्षण से जोड़ने, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने तथा *”वन्यजीव संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी”* का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

वन्यजीव सप्ताह के आगामी दिनों में भी जयपुर के विभिन्न वन्यजीव एवं वन क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं, स्वच्छता अभियान एवं विद्यार्थियों की सहभागिता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here