जयपुर। मानसरोवर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स सप्लायर और पांच हजार रुपए के इनामी आरोपित रामसिंह बिश्नोई निवासी बीकानेर को 1 हजार 700 किलोमीटर पीछा कर गोवा से गिरफ्तार किया है। आरोपित पिछले करीब दो माह से फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और लगातार निगरानी के बाद उसे गोवा से दबोच लिया।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत मानसरोवर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई थी।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि इस मामले में 19 मार्च 2026 को नारायण विहार थाना पुलिस ने आरोपित मनोज बिश्नोई को 52.80 ग्राम एमडीएमए (एक्स्टेसी) के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि वह मादक पदार्थ रामसिंह बिश्नोई से खरीदकर लाया था। इसके बाद पुलिस ने रामसिंह की तलाश शुरू की, लेकिन गिरफ्तारी से बचने के लिए वह फरार हो गया। आरोपी पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपित के सोशल मीडिया अकाउंट्स और लोकेशन से जुड़े तकनीकी इनपुट मिले। जिनके आधार पर टीम गोवा पहुंची। करीब 1 हजार 700 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उससे अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क और सप्लाई चैन के संबंध में पूछताछ कर रही है।



















