हीदा की मोरी गुरुद्वारे मे गूंजेगी गुरुबाणी

0
46

जयपुर। गलता रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सिख सभा, हीदा की मोरी में शुक्रवार 22 मई को एक विशेष धार्मिक समागम का आयोजन होने जा रहा है। इस समागम में अमृतसर के सुप्रसिद्ध रागी भाई अमनदीप सिंह (बीवी माता कौला जी वाले) शिरकत करने जयपुर आ रहे हैं।

गुरुद्वारा हीदा की मोरी के प्रधान सरदार सुच्चा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार रात 8 से 10 बजे तक गुरुद्वारा परिसर में विशेष कीर्तन दीवान सजाया जाएगा। इस दीवान में अमृतसर से आ रहे भाई अमनदीप सिंह जी और गुरुद्वारा हीदा की मोरी के हजूरी रागी भाई संदीप सिंह अपनी मधुर गुरुबाणी और शबद कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे। कीर्तन दीवान की समाप्ति के बाद गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा।

बच्चों के लिए जारी है ‘गुरमत शिविर

सरदार सुच्चा सिंह ने यह भी बताया कि बच्चों को सिख इतिहास और संस्कृति से जोड़ने के लिए गुरुद्वारा हीदा की मोरी में 17 मई से एक विशेष समर कैंप शुरू हो चुका है, जो 15 जून तक चलेगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, स्त्री सत्संग और हजूरी रागी भाई संदीप सिंह के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 8 से 20 वर्ष तक के बच्चे भाग ले रहे हैं।

इस गुरमत शिविर में बच्चों को सिख गुरुओं का गौरवशाली इतिहास, गुरुमुखी (पंजाबी) भाषा का ज्ञान, गरिमामय दस्तार (पगड़ी) बांधना, तथा संगीत के तहत हारमोनियम और तबला बजाना सिखाया जा रहा है। प्रबंधक कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं से कल आयोजित होने वाले कीर्तन दीवान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here