कनक घाटी के श्री नटवर जी मंदिर में सजी जलयात्रा झांकी

0
48

जयपुर। श्री नटवर जी मंदिर में रविवार को आयोजित विशेष जल यात्रा झांकी में श्रद्धालुओं को ठाकुर श्री राधा नटवर जी के दुर्लभ और मनोहारी दर्शन हुए। ठिकाना मंदिर श्री गोविन्द देवजी महाराज के अधीनस्थ कनक घाटी स्थित मंदिर में आयोजित इस झांकी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और ठाकुर जी के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में आयोजित ‘श्री गौरांग महाप्रभु उत्सव’ श्रृंखला के तहत रविवार शाम 6 बजे से 6:30 बजे तक विशेष जलयात्रा झांकी सजाई गई। इस अवसर पर ठाकुर श्री राधा नटवर जी को श्वेत धोती और दुपट्टा पोशाक धारण करवाई गई।ठाकुर जी का श्रृंगार सुगंधित फूल कलियों से तैयार विशेष मुकुट और आकर्षक आभूषणों से किया गया। जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

उत्सव के दौरान ठाकुर जी के समक्ष आकर्षक फव्वारे चलाए गए। मुख्य सिंहासन को विभिन्न प्रकार के सुगंधित फूलों, हरी-भरी लताओं और प्राकृतिक वनस्पतियों से सजाया गया। जिससे पूरा वातावरण निकुंज स्वरूप का आभास करा रहा था।

विशेष जलयात्रा झांकी के दौरान ठाकुर श्री जी को ग्रीष्म ऋतु के अनुरूप पांच प्रकार के ऋतु फलों का भोग लगाया गया। इसमें तरबूज और खरबूज प्रमुख रहे। इसके अलावा पुड़ी और पारंपरिक ‘सिकरन’ का सात्विक भोग भी अर्पित किया गया।

मंदिर प्रशासन के अनुसार आगामी जलयात्रा उत्सवों का कार्यक्रम यह रहेगा जिसमें 25 मई (गंगा दशमी) श्री गोविन्द देवजी मंदिर में प्रातः 11:15 बजे से 11:45 बजे तक विशेष जल यात्रा झांकी होगी। वहीं 27 मई (पद्मा एकादशी) श्री गोविन्द देवजी मंदिर में प्रातः 11:15 बजे से 11:45 बजे तक जल यात्रा दर्शन होंगे।

इसके अलावा 28 मई श्री काला महादेव जी मंदिर में सायंकाल 6 बजे से 6:30 बजे तक विशेष जल यात्रा झांकी सजाई जाएगी। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से उत्सव और दर्शनों की जानकारी के लिए अधिकृत व्हाट्सएप नंबर पर मैसेज के माध्यम से संपर्क करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here