ड्यूटी कर घर लौट रहे बुजुर्ग सिक्योरिटी गार्ड को स्लीपर बस ने कुचला

0
46

जयपुर। हरमाड़ा थाना इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जहां एक तेज रफ्तार स्लीपर बस ने सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। हरमाड़ा थाना पुलिस ने सोमवार दोपहर कांवटिया अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

हेड कांस्टेबल हरवीर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान हरमाड़ा के आकेड़ा डूंगर निवासी हरेराम तिवारी (83) के रूप में हुई है। हरेराम तिवारी एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। रविवार रात करीब 8 बजे वह अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद पैदल ही घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोज महल के सामने सीकर से जयपुर की तरफ आ रही एक बेकाबू स्लीपर बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद आरोपी ड्राइवर मौके पर ही बस छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लहूलुहान हालत में बुजुर्ग को तुरंत कांवटिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया।

जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना का कारण बनी स्लीपर बस को जब्त कर लिया है। फरार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here