जयपुर। पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने नीमड़ी वाले बालाजी क्षेत्र में देर रात स्टंटबाजी, हुड़दंग और वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दो थार और एक स्विफ्ट कार भी जब्त की है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि 24-25 मई 2026 की रात पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित नीमड़ी वाले बालाजी के पास कुछ युवक तेज गति से वाहन दौड़ाकर स्टंट कर रहे थे। आरोपी एक-दूसरे की गाड़ियों को टक्कर मारने के साथ डंडों, सरियों और पत्थरों से वाहनों में तोड़फोड़ कर रहे थे।
सूचना मिलने पर थाना पुलिस और चेतक जाब्ता मौके पर पहुंचा। उस समय करीब 8 से 10 वाहनों में सवार युवक सड़क पर जमकर हुड़दंग कर रहे थे। आरोपियों ने आसपास खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ की और पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर गाड़ियों को तेज रफ्तार से भगाते हुए पुलिस वाहनों को भी टक्कर मार दी। पुलिस ने पीछा कर स्थिति को नियंत्रित किया और बड़ी जनहानि होने से बचाया।
घटना के बाद पत्रकार कॉलोनी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस और डीएसटी टीम ने लगातार दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में विकास शर्मा (20), महेश शर्मा (21), लेखराज गुर्जर (23) और लोकेश लाम्बा (20) शामिल हैं।
सभी आरोपी टोंक जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो थार और एक काले रंग की स्विफ्ट कार जब्त की है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में देर रात स्टंटबाजी, तेज रफ्तार और आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।



















