पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने हाईवे पर 645 किलो मिलावटी पनीर पकड़ा

0
30
The Police and the Food Safety Department seized 645 kilograms of adulterated paneer on the highway.
The Police and the Food Safety Department seized 645 kilograms of adulterated paneer on the highway.

जयपुर। ग्रामीण जिले की चंदवाजी थाना पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर 645 किलो मिलावटी पनीर से भरी एक पिकअप गाड़ी पकड़ी। संयुक्त कार्रवाई में करीब 1.60 लाख रुपए कीमत का संदिग्ध और केमिकल युक्त पनीर जब्त कर मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया गया। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि जिले में हाईवे पर अवैध गतिविधियों और मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत चंदवाजी थानाधिकारी नितिन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने टीएसी पुलिया के पास नाकाबंदी कर रखी थी।

नाकाबंदी के दौरान मनोहरपुर की ओर से आ रही पिकअप गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में रखे 12 बड़े आइस बॉक्स में भारी मात्रा में पनीर भरा मिला। पनीर से आ रही संदिग्ध गंध और गुणवत्ता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय को सूचना दी।

सूचना पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पनीर के नमूने लेकर जांच की। प्रारंभिक जांच में पनीर मिलावटी और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाया गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पूरे पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया गया तथा पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार यदि यह खेप जयपुर शहर तक पहुंच जाती तो होटल, ढाबों और आयोजनों में इसका उपयोग होने की आशंका थी, जिससे बड़ी संख्या में लोग बीमार हो सकते थे।

पुलिस ने मौके से जमील (26) निवासी रामगढ़ अलवर, तालिर (21) निवासी रामगढ़ अलवर तथा वारिस (19) निवासी बहादरपुर, अलवर को डिटेन किया है। तीनों से पनीर सप्लाई नेटवर्क और मिलावटखोरी गिरोह के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई में उप निरीक्षक हरिराम, उप निरीक्षक लीलाधार, कांस्टेबल सुभाष चंद्र और कांस्टेबल मुकेश कुमार की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here