जयपुर। जयपुर-सीकर नेशनल हाईवे (एनएच-52) पर बुधवार सुबह चौमूं क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में महाराष्ट्र से खाटूश्यामजी जा रहे तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि टेम्पो क्रूजर के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क किनारे होटल-रेस्टोरेंट में जा घुसी। हादसे में होटल के बाहर खड़ी एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई
चौमूं थाना प्रभारी हरबेन्द्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब 7 बजे चौमूं के स्टेडियम के पास ब्यावरिया कट एवं हाडौता पुलिया (वीर हनुमान पुलिया) क्षेत्र में हुई थी। जहां महाराष्ट्र नंबर की टेम्पो क्रूजर जयपुर से सीकर की ओर जा रही थी। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक ने अचानक लेफ्ट कट और यू-टर्न लेने का प्रयास किया, जिससे पीछे से आ रही क्रूजर सीधे ट्रक में जा घुसी।
टक्कर के बाद अनियंत्रित क्रूजर सड़क किनारे बने होटल-रेस्टोरेंट में घुस गई और वहां खड़ी एक कार को भी टक्कर मार दी। हादसे में क्रूजर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में महाराष्ट्र के परभणी जिले के गंगाखेड़ क्षेत्र निवासी शालू बाई (75), मेघा (40) और आदेश (18) की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों शवों को चौमूं सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
वहीं घायलों में गीता देवधर, गायत्री देवधर, खुशी जावड़े, अंकिता, रितेश, ऋषिकेश, शकुंतला, सुनीता और यशोदा शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। बाद में क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात सुचारू करवाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

















