जयपुर। भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित नमो घाट पर आयोजित होने वाले ‘विंग्स ओवर गेंजेस’ हवाई प्रदर्शन का सीधा प्रसारण रविवार को सुबह 10 बजे से जयपुर के जल महल पर किया जाएगा।
एयर फोर्स स्टेशन जयपुर के स्टेशन कमांडर के अनुसार, इस हवाई प्रदर्शन में 12 अलग-अलग वायुसेना केंद्रों से कुल 100 विमान उड़ान भरेंगे। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक विरासत विमान शामिल हैं।
प्रदर्शन में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस, मिराज-2000, जगुआर और मिग-29 जैसे लड़ाकू विमान अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही सूर्य किरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर टीम भी हवाई करतबों के जरिए दर्शकों का ध्यान आकर्षित करेंगी।
जयपुरवासी जल महल पर इस आयोजन का सीधा प्रसारण देखकर भारतीय वायुसेना की हवाई शक्ति, आधुनिक विमानों और रोमांचक हवाई करतबों का अनुभव कर सकेंगे।

















