एसएमएस अस्पताल में महिला से अभद्रता: शादी का दबाव बनाकर दी गोली मारने की धमकी

0
46
Complex 4-Kilogram Tumor Successfully Removed from Woman's Head at SMS Hospital
Complex 4-Kilogram Tumor Successfully Removed from Woman's Head at SMS Hospital

जयपुर। प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मानसिंह अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। अस्पताल के गेट नंबर-3 के पास देर रात एक महिला से अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक नशेड़ी युवक ने उससे जबरन शादी करने का दबाव बनाया और मना करने पर गोली मारने की धमकी दी। घटना स्थल से एसएमएस थाना की दूरी करीब 100 मीटर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार महुआ क्षेत्र निवासी महिला पिछले चार दिनों से अपने बीमार परिजन के उपचार के लिए अस्पताल में रुकी हुई थी। बुधवार देर रात करीब दो बजे वह अस्पताल परिसर में अकेली थी, तभी एक युवक उसके पास पहुंचा और अभद्रता करते हुए शादी करने का दबाव बनाने लगा। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर गोली मारने की धमकी दी। घटना से सहमी महिला ने पूरी रात अस्पताल परिसर के दूसरे हिस्से में छिपकर बिताई।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से अस्पताल परिसर में कुछ असामाजिक तत्व उसे परेशान कर रहे थे। उसने इस संबंध में सुरक्षा गार्डों को भी जानकारी दी थी, लेकिन किसी ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। महिला ने बताया कि घटना के दौरान उसने मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन कोई सुरक्षाकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।

घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। मरीजों के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि रात के समय कई सुरक्षा गार्ड ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन पर रील देखने और सोशल मीडिया चलाने में व्यस्त रहते हैं। लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में देर रात नशेड़ियों और संदिग्ध लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है तथा चोरी और अभद्रता की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस और अस्पताल प्रशासन की ओर से जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here