जयपुर। हरमाड़ा क्षेत्र इन दिनों बाबा श्याम की भक्ति में सराबोर नजर आ रहा है। “मेरा श्याम सखा परिवार” की ओर से 30 मई को अजमेर-दिल्ली हाईवे स्थित लक्ष्मी नारायणपुरा में आयोजित होने वाले विशाल तृतीय श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव को लेकर तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
बुधवार को हरमाड़ा थाना परिसर में कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया गया। थाना प्रभारी उदय सिंह ने पोस्टर जारी कर आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर थाना स्टाफ के साथ आयोजन समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।
आयोजनकर्ता विक्रम शर्मा, सोनम शर्मा और प्रभाकर शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी भव्य श्याम संकीर्तन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में देशभर के प्रसिद्ध श्याम भजन गायक एवं कलाकार बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुति देंगे। पूरी रात संकीर्तन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।
आयोजन स्थल को आकर्षक रूप देने के लिए विशेष सजावट की जा रही है। रंग-बिरंगी रोशनी, भव्य झांकियां, विशाल दरबार और श्रद्धालुओं के बैठने की विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
आयोजकों के अनुसार इस बार हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में जगह-जगह पोस्टर और निमंत्रण पत्रों के माध्यम से लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।



















