जयपुर। शिप्रापथ थाना इलाके में 27 वर्षीय विवाहिता ने अपनी तीन साल की बेटी के सामने कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बेटी के रोने की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने पर उसे तोड़कर महिला को बाहर निकाला और जयपुरिया अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
एसएचओ हितेश शर्मा ने बताया कि मृतका सरस्वती राठौर (27) पुत्री रामनिवास, निवासी श्योपुर (मध्यप्रदेश) थी। उसका पति मुकेश मेडिकल शॉप पर काम करता है। वह तीन बच्चों के साथ संयुक्त परिवार में रहती थी। घटना के समय दोनों बड़े बच्चे स्कूल गए हुए थे और पति काम पर गया था।
मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता के अनुसार शादी के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जाता था। वर्ष 2025 में प्रताड़ना बढ़ने पर वह करीब चार माह पीहर रही, लेकिन पति अलग रहने का कहकर उसे वापस ले आया और संयुक्त परिवार में ही रखा। आरोप है कि इसके बाद प्रॉपर्टी विवाद को लेकर भी मारपीट व मानसिक प्रताड़ना की जाती रही।
पिता के अनुसार सरस्वती ने मां को फोन कर मारपीट की जानकारी दी थी और राखी पर पीहर आने की बात कही थी। राखी से एक दिन पहले उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पिता की शिकायत पर सोमवार को हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



















