जयपुर। राजस्थान पुलिस की आर्म्ड बटालियन में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मनोबल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राजस्थान आर्म्ड कांस्टेबुलरी (आरएसी) के 128 पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस कार्यक्रम के दौरान 116 पुलिसकर्मियों को खेल, प्रशिक्षण, रिजर्व पुलिस लाइन प्रबंधन, सामान्य प्रशासन तथा कल्याणकारी कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए महानिदेशक पुलिस प्रशस्ति डिस्क एवं प्रशस्ति रोल के लिए चयनित किए जाने पर सराहा गया। वहीं बटालियन के घुड़सवार एवं बैंड दल में पदस्थापित 12 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 5,100-5,100 रुपए नकद इनाम एवं प्रशंसा पत्र दिए जाने की घोषणा की गई।
पुलिस मुख्यालय के सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में महानिदेशक पुलिस (आर्म्ड बटालियन) संजय अग्रवाल तथा अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस रुपिंदर सिंह ने सभी 128 पुलिसकर्मियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

संजय अग्रवाल ने कहा कि आर्म्ड बटालियन का प्रत्येक जवान अनुशासन और सेवा का प्रतीक है। उन्होंने जवानों से अपने कौशल को लगातार निखारने का आह्वान करते हुए कहा कि पुलिस मुख्यालय उनके विकास और प्रशिक्षण के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद और सम्मान कार्यक्रमों से पूरी फोर्स में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम में डीआईजी श्वेता धनकड़, एसपी विनीत बंसल तथा एसडीआरएफ के कमांडेंट राजेंद्र सिंह सिसोदिया सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।



















