जयपुर। राजस्थान पुलिस की अपराध शाखा ने उत्कृष्ट पुलिसिंग और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सात पुलिसकर्मियों को कुल 60 हजार रुपए का नकद इनाम एवं प्रशंसा पत्र देने की घोषणा की है। यह सम्मान एक ओर लंबे समय से फरार चल रहे इनामी अपराधी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को, तो दूसरी ओर सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने वाले साइबर सेल कार्मिकों को दिया जाएगा।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध शाखा) बिपिन कुमार पाण्डेय ने बताया कि वर्ष 2021 के चर्चित आपराधिक प्रकरणों में वांछित 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश रामनिवास विश्नोई की गिरफ्तारी में विशेष योगदान देने वाले पांच पुलिसकर्मियों को कुल 50 हजार रुपए का नकद इनाम स्वीकृत किया गया है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय शाहपुरा (भीलवाड़ा) के कांस्टेबल रामस्वरूप को 15 हजार रुपए, हनुमान नगर थाना के सहायक उपनिरीक्षक दुर्गालाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय शाहपुरा के कांस्टेबल धोला राम तथा साइबर सेल के कांस्टेबल समर्थ को 5-5 हजार रुपए दिए जाएंगे। वहीं सोनु मेहता को 20 हजार रुपए नकद इनाम एवं प्रशंसा पत्र प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन ट्रेस कर राजस्थान सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र से बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द करने के उल्लेखनीय कार्य के लिए डीडवाना-कुचामन जिले की साइबर सेल के सहायक उपनिरीक्षक प्रेम प्रकाश और महिला कांस्टेबल निशा कंवर को 5-5 हजार रुपए का नकद इनाम एवं प्रशंसा पत्र देने की घोषणा की गई है।
एडीजी बिपिन कुमार पाण्डेय ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के साथ अन्य कार्मिकों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करता है। विभाग भविष्य में भी सराहनीय कार्यों को प्रोत्साहित करता रहेगा।



















