जयपुर। सुभाष चौक, पानो का दरीबा स्थित श्री शुक संप्रदाय की प्रधान पीठ ‘श्री सरस निकुंज’ में रविवार को भव्य फूल बंगला झांकी का आयोजन किया जाएगा। पवित्र पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली इस विशेष झांकी में ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी जू सरकार रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों के मध्य विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। यह धार्मिक आयोजन श्री शुक संप्रदाय के पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा।
श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस अति विशेष फूल बंगला झांकी के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए शाम 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक खुले रहेंगे। झांकी के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। पूरे निकुंज परिसर को विभिन्न प्रकार के आकर्षक पुष्पों और आशापाले (अशोक) के पत्तों से बेहद कलात्मक ढंग से सजाया जाएगा।
इस अवसर पर श्री सरस परिकर के सेवादारों और श्रीजी के अनन्य भक्तों द्वारा फूल बंगला के विशेष पदों (भजनों) का सुमधुर गायन किया जाएगा। निकुंज प्रबंधन ने सभी स्थानीय और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे समय पर पहुँच कर ठाकुरजी के इस मनमोहक और अलौकिक रूप के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाएँ।



















