वैष्णव भक्तजन चार घंटे सेवा देकर तैयार करेंगे श्री राधा सरस बिहारी जी का फूल बंगला

0
50

जयपुर। सुभाष चौक स्थित पानों का दरीबा में श्री शुक संप्रदाय की प्रधान पीठ श्री सरस निकुंज रविवार को रंग-बिरंगे फूलों से ब्रज शैली में सजा नजर आएगा। अवसर होगा पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में सजने वाली फूल बंगला झांकी। इस अवसर पर ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी जू सरकार को रंग-बिरंगे सुगंधित पुष्पों के मध्य विराजमान कर विशेष श्रृंगार किया जाएगा। झांकी के दर्शन शाम 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक होंगे।

श्री सरस परिकर के प्रवक्ता प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में श्री सरस निकुंज परिसर को विविध प्रकार के पुष्पों की कलियों और आशापाला के पत्तों से आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। सजावट में ब्रज शैली की झलक देखने को मिलेगी।

उन्होंने बताया कि फूल बंगला झांकी में जाली, झरोखे, तिवारी, छज्जे एवं गोखों का पारंपरिक स्वरूप पुष्प सज्जा के माध्यम से तैयार किया जाएगा। चीड़ की लकड़ी से निर्मित टाटियों पर विशेष पुष्प अलंकरण कर फूल बंगला बनाया जाएगा। इस सेवा कार्य में श्री सरस परिकर के वैष्णव सेवा देंगे। वे अपरस सेवा पद्धति की मर्यादा का पालन करते हुए ठाकुरजी के लिए फूल बंगला तैयार करेंगे। इस कार्य में चार घंटे का समय लगेगा।

फूल बंगला महोत्सव में शाम 6 से रात्रि 9 बजे तक पूर्ववर्ती आचार्यों द्वारा रचित फूल बंगला की पारंपरिक पदावलियों का सामूहिक गायन भी किया जाएगा। भजन एवं संकीर्तन के माध्यम से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बनेगा। पुष्पों की सुगंध, मनोहारी श्रृंगार और मधुर पदगायन के बीच श्रद्धालु ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी जू सरकार के दिव्य दर्शन का लाभ प्राप्त करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here