प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज: 18 जिलों में ऑरेंज और 5 में येलो अलर्ट

0
44
Orange alert in 18 districts and yellow alert in 5.
Orange alert in 18 districts and yellow alert in 5.

जयपुर। प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने आगामी दिनों में कई जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज अंधड़ और बारिश की संभावना जताते हुए 18 जिलों के लिए ऑरेंज तथा 5 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार चूरू, सीकर, झुंझुनूं, हनुमानगढ़, बीकानेर, टोंक, सवाई माधोपुर, जयपुर, कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, करौली, दौसा, अलवर, भरतपुर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों सहित आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं धौलपुर, नागौर, अजमेर, उदयपुर और श्रीगंगानगर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने, मेघगर्जन और हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के ऊपर सक्रिय परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों तक आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 8 जून के बाद आंधी और बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने लगेगी। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में गर्मी का असर बरकरार रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय मौसमी तंत्र के कारण आगामी दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है। इससे दिन के समय पड़ रही तेज गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि विभाग ने चेतावनी दी है कि 8 से 11 जून के बीच पश्चिमी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और कहीं-कहीं हीटवेव चलने की भी संभावना बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here