संडे ऑन साइकिल: पांच सौ से अधिक साइकिल सवार भरेंगे रफ्तार

0
222

जयपुर। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की ओर से विश्व साइकिल दिवस-2026 के विशेष संस्करण के तहत रविवार को विद्याधर नगर स्टेडियम में ‘संडे ऑन साइकिल’ (साइकिलोथोन) का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में शहर के करीब 500 से 700 नागरिकों के भाग लेने की संभावना है। आयोजन को देखते हुए जयपुर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन की व्यवस्था की है।

यातायात पुलिस उपायुक्त जयपुर योगेश गोयल के अनुसार साइकिलोथोन रविवार सुबह 7.30 बजे विद्याधर नगर स्टेडियम से शुरू होगी। यह रैली का मार्ग विद्याधर नगर स्टेडियम से डीपीएस चौराहा, रोड नम्बर-1 सर्किल, अलका सिनेमा सर्किल, केसरी मोबाइल पॉइंट, ग्रीन पार्क, नेशनल हैंडलूम चौराहा और अग्रसेन हॉस्पिटल होते हुए पुनः विद्याधर नगर स्टेडियम तक रहेगा।

इस साइकिल रैली के दौरान निर्धारित रूट पर सामान्य यातायात का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि में वाहनों को वैकल्पिक और समानांतर मार्गों से निकाला जाएगा। आयोजन के दौरान विद्याधर नगर स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।

साइकिलोथोन मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी। यातायात पुलिस ने पूरे रूट को नो पार्किंग जोन घोषित किया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आयोजन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों और आमजन के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। विद्याधर नगर स्टेडियम के गेट नम्बर-02 के अंदर टेनिस कोर्ट के पास सड़क के दोनों ओर वाहनों की पार्किंग की जा सकेगी। इसके अलावा गेट नम्बर-02 के सामने दूसरी ओर एक लेन में भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। अतिरिक्त वाहनों के लिए दशहरा मैदान पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।

जयपुर यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे रविवार सुबह साइकिलोथोन के दौरान संबंधित मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here