ठाकुरजी के हाथों में सजी सोने की पिचकारी: श्रद्धालुओं ने किए जलयात्रा दर्शन

0
38

जयपुर। श्री गोविंद धाम स्थित ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी महाराज में शनिवार को द्वितीय ज्येष्ठ कृष्ण षष्ठी (अधिक) के अवसर पर जलयात्रा उत्सव के तहत ठाकुर श्रीजी की विशेष झांकी सजाई गई। श्रीमन्महंत श्री अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में राजभोग झांकी के बाद श्रद्धालुओं ने जलयात्रा के अद्भुत दर्शन किए।

मंदिर प्रशासन के अनुसार मंगला झांकी के बाद ठाकुर श्रीजी को सफेद रंग की धोती, दुपट्टा परिधान पहनाया गया तथा फूलों से निर्मित विशेष अलंकरण और मुकुट धारण कराया गया। राजभोग झांकी में ठाकुर श्रीजी के जलयात्रा स्वरूप के दर्शन प्रातः 11.15 बजे से 11.45 बजे तक हुए।

इस अवसर पर ठाकुर श्रीजी एवं राधारानीजी के करकमलों में सोने की पिचकारी धारण कराई गई। ग्रीष्म ऋतु में शीतलता प्रदान करने के उद्देश्य से खरबूजा, तरबूज, इमली तथा सिकरन-पूड़ी का भोग अर्पित किया गया। वहीं मनोरथ सेवा के तहत ठाकुरजी को 56 भोग भी अर्पित किए गए।

मंदिर प्रशासन ने बताया कि जलयात्रा उत्सव श्रृंखला के अंतर्गत अगले दर्शन 7 जून 2026 को मंदिर श्री कुंज बिहारीजी (मोहन मंदिर, श्री गोविंद देवजी परिसर) में आयोजित होंगे। यहां जलयात्रा झांकी के दर्शन सायं 6 बजे से 6.30 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here