झपट्टा मारकर मोबाइल छीनने वाले दो आरोपियों को दबोचा

0
36
Two accused nabbed for snatching a mobile phone.
Two accused nabbed for snatching a mobile phone.

जयपुर। बगरू थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके नाबालिग साथी को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए पांच एंड्रॉइड मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि बगरू थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की वारदात करने वाले रुकमान (18) निवासी बगरू को गिरफ्तार किया है। वहीं उसके नाबालिग साथी को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पीड़ित का ओप्पो मोबाइल बरामद कर लिया।

इसके अलावा तलाशी के दौरान चार अन्य एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी बरामद हुए। आरोपियों ने स्वीकार किया कि ये मोबाइल भी उन्होंने रीको क्षेत्र बगरू और आसपास के इलाकों में राहगीरों से छीने थे। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

थानाधिकारी राजेंद्र कुमार गोदारा ने बताया कि बगरू निवासी मैना चौधरी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र कुलदीप चौधरी रीको क्षेत्र में निजी कार्य से गया हुआ था। जहां सुनसान स्थान पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उसका ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। पीड़ित बदमाशों की बाइक का केवल अंतिम नंबर आरजे-60-8443 ही देख पाया था।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। टीम में हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार तथा कांस्टेबल श्योराम, हंसाराम और मुकेश कुमार शामिल थे। पुलिस टीम ने घटनास्थल और बगरू क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

परिवादी द्वारा बताए गए अधूरे नंबर के आधार पर संदिग्ध मोटरसाइकिल की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को मोटरसाइकिल सहित दस्तयाब कर लिया। गहन पूछताछ में आरोपियों ने कुलदीप चौधरी से मोबाइल छीनने की वारदात स्वीकार कर ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here