लिव-इन पार्टनर पर गहने-नकदी और घरेलू सामान चोरी करने का आरोप

0
63

जयपुर। राजधानी में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर पर घर का सामान, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार होने तथा झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने न्यायालय के आदेश के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि जयपुर निवासी 40 वर्षीय युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह निजी कंपनी में कार्यरत है। शिकायत में युवक ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली एक युवती से उसकी जान-पहचान हुई थी। युवती ने स्वयं को पति से तलाकशुदा बताते हुए घरेलू विवाद और मारपीट के कारण अलग रहने की बात कही थी।

परिचय बढ़ने के बाद दोनों ने वर्ष 2024 में 100 रुपए के स्टाम्प पर लिव-इन एग्रीमेंट किया और साथ रहने लगे। युवक का आरोप है कि एक दिन वह सुबह नौकरी पर गया था और युवती घर पर अकेली थी। शाम को लौटने पर घर का सारा सामान गायब मिला। आरोप है कि युवती लोडिंग वाहन में घरेलू सामान भरकर ले गई। साथ ही घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 30 हजार रुपए नकद भी गायब थे।

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने युवती से संपर्क किया तो उसने दो लाख रुपए की मांग की और रुपए नहीं देने पर झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी दी। इसके अलावा जान से मरवाने की धमकी भी दी गई।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि बाद में जानकारी करने पर युवती के किसी अन्य युवक से संबंध होने की बात सामने आई। उसे संदेह है कि इसी कारण युवती सामान लेकर चली गई।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित ने न्यायालय से आदेश प्राप्त कर युवती के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपों की सत्यता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here