जयपुर। जयपुर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य होने के बाद प्रशासन ने इंटरनेट सेवाएं पुनः बहाल कर दी हैं। संभागीय आयुक्त वी. सरवण कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार पुलिस आयुक्तालय जयपुर से प्राप्त रिपोर्ट में इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध बनाए रखने की आवश्यकता नहीं बताई गई, जिसके बाद पूर्व में जारी अस्थायी निलंबन आदेश में संशोधन कर सेवाएं तत्काल प्रभाव से शुरू करने के निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की प्रस्तावित अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जयपुर उत्तर और जयपुर पूर्व जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया था।
इसके तहत मोबाइल इंटरनेट के साथ-साथ बल्क एसएमएस, एमएमएस, व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर) और अन्य सोशल मीडिया सेवाओं को 8 जून की मध्यरात्रि से 9 जून की मध्यरात्रि तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए थे।
पुलिस प्रशासन द्वारा स्थिति की लगातार समीक्षा के बाद पाया गया कि संबंधित क्षेत्रों में कानून एवं व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। इसके आधार पर इंटरनेट सेवाओं को निर्धारित समय से पहले ही बहाल करने का निर्णय लिया गया।
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने आमजन से शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें।



















