जयपुर। राजधानी जयपुर में ग्लैमर—प्रतिभा,आत्मविश्वास और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। जहां राज आंगन रिसॉर्ट में आयोजित मिस डेजर्ट राजस्थान 2026 के भव्य ग्रैंड फिनाले में प्रदेशभर से आई प्रतिभाशाली युवतियों ने अपने व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और हुनर का प्रभावशाली प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
कड़े मुकाबले के बाद पूनम कुमावत ने मिस डेजर्ट राजस्थान 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। वहीं स्वाति नायक प्रथम रनर-अप, मुस्कान गर्ग द्वितीय रनर-अप और लविश्का जांगिड़ तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को ताज, ट्रॉफी और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजक अरुण कुमार सिंह और नरेंद्र कुमार गंगवाल ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल सौंदर्य प्रदर्शन तक सीमित नहीं था,बल्कि महिलाओं को आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना भी था। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विभिन्न राउंड में अपनी प्रतिभा, संचार कौशल और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया।
वहीं कार्यक्रम में ऑस्कर विनर अनुराधा सिंह, पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल,वरिष्ठ समाजसेवी डॉ.अशोक लाहोटी,शिखा पंत,अवंतिका तांबे तथा राज आंगन रिसॉर्ट के मुकेश सैनी, गरिमा सिंह सहित कई गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की। सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह सफल आयोजन अमित कुमार खंडेलवाल,रजनीश जैन और रजनीश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में किया गया। इस प्रतियोगिता की मेंटोर विनय कुमावत और कोनिका आर्या रहीं। जिन्होंने प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास और मंचीय प्रस्तुति को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में विभिन्न सहयोगी संस्थाओं का भी विशेष योगदान रहा। मिस डेजर्ट राजस्थान 2026 का यह ग्रैंड फिनाले केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि महिलाओं के सपनों, आत्मविश्वास और सफलता का उत्सव बनकर उभरा। इस मंच ने एक बार फिर साबित किया कि प्रतिभा को अवसर मिले तो सफलता की नई कहानियां जन्म लेती हैं।


















