जयपुर। प्रतापनगर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात, नकदी और विदेशी मुद्रा पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय परिवार किसी आवश्यक कार्य से अजमेर गया हुआ था। पीछे से बदमाश मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और अलमारियों में रखे कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें चोर टैक्सी से आते दिखाई दे रहे हैं।
जांच अधिकारी एसआई झंडू राम ने बताया कि सेक्टर-19 प्रतापनगर निवासी 66 वर्षीय नरेश कुमार पुत्र साधुराम ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 7 जून को दोपहर करीब 2 बजे वह परिवार सहित अजमेर गए थे। 8 जून को सुबह करीब 4:30 बजे लौटने पर मकान का मुख्य ताला टूटा हुआ मिला और घर के दरवाजे खुले हुए थे। घर के अंदर जाकर देखा तो दो अलमारियां टूटी हुई थीं और उनमें रखा कीमती सामान गायब था।
चोर तीन सोने की चेन, चार सोने के लॉकेट, दस सोने की अंगूठियां, पांच जोड़ी सोने के कानों के आभूषण, एक सोने की नथ, एक सोने का लॉग, एक सोने का मंगलसूत्र, दो सोने के कंगन, एक सोने की गिन्नी, तीन चांदी की पायल, एक चांदी का ब्रेसलेट, 80 चांदी के सिक्के, दो चांदी के कंगन तथा दो चांदी की गाय-तुलसी चोरी कर ले गए। इसके अलावा बदमाश घर में रखे 50 हजार रुपए नकद और 4000 अमेरिकी डॉलर भी साथ ले गए।
चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। पीड़ित की सूचना पर प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश टैक्सी से मौके पर पहुंचे थे। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।


















