बेसमेंट की खुदाई में मिट्टी ढहने से तीन महिला श्रमिकों की मौत

0
38

जयपुर। शहर के करणी विहार थाना क्षेत्र में गांधी पथ स्थित एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। जहां बेसमेंट की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर ढह गया, जिससे वहां काम कर रही तीन महिला श्रमिक मलबे के नीचे दब गईं। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

थानाधिकारी हवा सिंह ने बताया कि यह हादसा गुरुवार शाम करीब 4 बजे हुआ। निर्माणाधीन भवन के बेसमेंट की गहरी खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान नीचे मिट्टी समतल करने और खुदाई कार्य में लगी तीन महिला मजदूरों के ऊपर ऊपरी हिस्से की कटी हुई मिट्टी का बड़ा ढेर अचानक गिर पड़ा। महिलाओं को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वे मलबे में दब गईं।

हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फावड़ों और हाथों की मदद से मलबा हटाकर तीनों महिलाओं को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही करणी विहार और वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल सवाई मानसिंह अस्पताल भिजवाया गया।

थानाधिकारी हवा सिंह ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों महिलाओं को बचाने के लिए सीपीआर सहित सभी आवश्यक चिकित्सा प्रयास किए, लेकिन उनकी हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उन्हें नहीं बचाया जा सका। डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

थानाधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान बिहार निवासी सुनीता देवी, आनुती कुमारी और प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं और निर्माण स्थल पर कार्यरत थीं।

हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि बेसमेंट की गहरी खुदाई के दौरान आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे या नहीं। मिट्टी को रोकने के लिए शटरिंग अथवा अन्य सुरक्षात्मक व्यवस्था थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार, साइट इंचार्ज और अन्य जिम्मेदार लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं। मामले में निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की संभावित अनदेखी को लेकर कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है तथा मृतक महिलाओं के परिजनों को सूचना दे दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here