नो-एंट्री में दौड़ रहे भारी वाहनों पर जयपुर पुलिस का हंटर: 17 डंपर-मिक्सर और ट्रक जब्त

0
72

जयपुर। राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नो-एंट्री क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। यातायात पुलिस ने विशेष प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान 17 भारी वाहनों को जब्त कर लिया। इनमें सीमेंट-कंक्रीट मिक्सर, डंपर, ट्रोला और ट्रक शामिल हैं।

पुलिस उपायुक्त (यातायात) योगेश गोयल ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशानुसार यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में पुलिस निरीक्षक (यातायात पूर्व) राज किरण के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने एनआरआई चौराहा, जवाहर सर्किल और हनुमान तिराहा क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।

इस अभियान के दौरान निषेध क्षेत्र (नो-एंट्री) में अवैध रूप से संचालित हो रहे भारी वाहनों को रोका गया। जांच में पाया गया कि कई वाहन चालक निर्धारित मार्ग और समय सीमा की अनदेखी करते हुए शहर के व्यस्त मार्गों पर वाहन चला रहे थे।

यातायात पुलिस द्वारा जब्त किए गए वाहनों में 10 सीमेंट-कंक्रीट मिक्सर, 3 डंपर, 2 ट्रोला और 2 ट्रक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इन वाहनों द्वारा लगातार नो-एंट्री नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जब्त किए गए कई वाहनों पर पूर्व में किए गए यातायात उल्लंघनों के चालान भी लंबित थे। बार-बार नियमों की अवहेलना और लापरवाही पूर्ण तरीके से वाहन संचालन को देखते हुए पुलिस ने वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की।

डीसीपी ट्रैफिक योगेश गोयल ने कहा कि जयपुर कमिश्नरेट द्वारा भारी वाहनों के आवागमन के लिए निर्धारित मार्ग और समय सीमा तय की गई है। इसका उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। यातायात पुलिस ऐसे वाहन चालकों पर लगातार निगरानी रख रही है ताकि शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here