रिहायशी इलाके में मिला बारूद का बड़ा ढेर: पुलिस ने दो गोदामों से पकड़ा अवैध पटाखों का जखीरा

0
57
Police seized a huge cache of illegal firecrackers from two warehouses.
Police seized a huge cache of illegal firecrackers from two warehouses.

जयपुर। करधनी थाना पुलिस ने रिहायशी इलाके में अवैध रूप से संचालित दो गोदामों पर कार्रवाई करते हुए पटाखों से भरे 2 हजार 102 कार्टून जब्त किए हैं। पुलिस ने गोदाम संचालक विनोद कुमार अग्रवाल (41) निवासी झोटवाडा जयपुर को गिरफ्तार किया है । वहीं बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि अवैध विस्फोटक पदार्थों के भंडारण और फैक्ट्रियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 11 जून को करधनी थाना पुलिस को सूचना मिली कि वसंत विहार कॉलोनी स्थित दो बंद गोदामों में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने गोदाम संचालक विनोद अग्रवाल को मौके पर बुलाकर गोदाम खुलवाए। तलाशी के दौरान विभिन्न कंपनियों के पटाखों से भरे 2 हजार 102 कार्टून बरामद हुए। पूछताछ में संचालक कोई वैध लाइसेंस या भंडारण अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। जिस पर पुलिस ने सभी कार्टून जब्त कर विनोद कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया।

करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि डीसीपी प्रशांत किरण ने चेतावनी दी कि बिना लाइसेंस विस्फोटक पदार्थों का भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यदि ऐसे अवैध भंडारण के कारण कोई हादसा होता है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक चमन लाल, उप निरीक्षक आशीष कुमार, सहायक उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल सतीश कुमार शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here