जयपुर। जयपुर ग्रामीण पुलिस की डीएसटी टीम और कालाडेरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8.05 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद ने बताया कि डीएसटी की सूचना पर कालाडेरा पुलिस टीम बरना मोड़ क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। इस दौरान एक युवक पुलिस वाहन को देखकर अपनी मोटरसाइकिल वापस घुमाकर भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसका पीछा कर उसे रोक लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राकेश उर्फ परिया पुत्र गीगाराम मीणा (29), निवासी बरसिंहपुरा मीणों की ढाणी, थाना कालाडेरा बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी की हाफ पैंट की जेब से एक पारदर्शी प्लास्टिक की थैली में रखी स्मैक बरामद हुई। आरोपी से मादक पदार्थ रखने का लाइसेंस अथवा वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने प्लास्टिक थैली सहित वजन किया तो स्मैक का कुल वजन 8.05 ग्राम पाया गया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद 8.05 ग्राम स्मैक तथा परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल जब्त कर ली।



















