जयपुर। ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने वाहन और मोबाइल चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल तथा विभिन्न कंपनियों के पांच महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल और वाहन चोरी की कई वारदातें करना स्वीकार किया है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
जयपुर पूर्व की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रंजीता शर्मा ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने वाहन और मोबाइल चोरी की वारदात करने वाले आरोपित रणवीर सिंह उर्फ टुक्कु (30) निवासी खोह नागोरियान जयपुर को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपी ने थाना रामनगरिया क्षेत्र के जगतपुरा इलाके से एक मोटरसाइकिल चोरी करने सहित जयपुर शहर के विभिन्न इलाकों से मोबाइल फोन चोरी करने की कई वारदातें कबूल की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और पूर्व में भी थाना खोह नागोरियान के एक मामले में चालान शुदा अपराधी है। उसका एक मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल तथा दो वीवो, दो ओपो और एक रेडमी कंपनी का कुल पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों और चोरी के माल के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी अरुण कुमार और हेड कांस्टेबल राजेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे में कांस्टेबल कैलाश नेहरा एवं कांस्टेबल मोहम्मद शाहिद का विशेष योगदान रहा।

















