NEET के दबाव, सपनों और संघर्ष की अनकही कहानी लेकर आ रही है वेब सीरीज “रैंकर्स”

0
55

मुंबई: मेडिकल कॉलेज में दाखिले का सपना देखने वाले लाखों छात्रों के लिए NEET सिर्फ एक परीक्षा नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, त्याग, उम्मीद और संघर्ष का प्रतीक है। हर साल करोड़ों सपने इस परीक्षा के परिणामों पर टिके होते हैं, लेकिन जब व्यवस्था में खामियां उन सपनों को झकझोर देती हैं, तब उसके दर्द और दबाव को बहुत कम लोग समझ पाते हैं। इसी संवेदनशील और वास्तविक विषय को केंद्र में रखकर लेखक, निर्देशक और निर्माता विकास फडनिस ने वेब सीरीज “रैंकर्स” का निर्माण किया है, जिसका प्रभावशाली टीजर मुंबई में आयोजित एक भव्य समारोह में लॉन्च किया गया।

थिंक क्रिएटिव फिल्म्स के बैनर तले बनी यह सीरीज सच्ची घटनाओं से प्रेरित है और उन छात्रों की दुनिया को करीब से दिखाती है जो सफलता की दौड़ में मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक दबावों से जूझते हैं। टीजर में NEET पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने, टूटते सपनों और छात्रों की मानसिक पीड़ा को बेहद मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

लातूर के प्रसिद्ध कोचिंग कल्चर और “लातूर पैटर्न” की पृष्ठभूमि में शूट की गई “रैंकर्स” केवल एक वेब सीरीज नहीं, बल्कि उन लाखों छात्रों को समर्पित एक भावनात्मक श्रद्धांजलि है जिन्होंने अपने सपनों के लिए अनगिनत रातें जागकर बिताई हैं। ओटीटी पर जल्द रिलीज होने जा रही यह सीरीज शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं के दबाव और युवाओं के संघर्ष को नई संवेदनशीलता के साथ सामने लाने का प्रयास करती है।

(अनिल बेदाग)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here