जयपुर। दिल्ली रोड स्थित प्रसिद्ध आस्था धाम श्री खोले के हनुमानजी मंदिर में इन दिनों भगवान सियाराम का 29वां पाटोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पाटोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को मंदिर परिसर में सांस्कृतिक और भक्तिमयी प्रस्तुतियों की अनूठी छटा देखने को मिली, जहाँ युगल जी महाराज द्वारा रचित पारंपरिक ढूंढ़ाड़ी भाषा के पदों का मधुर गायन किया गया।
इस कार्यक्रम के दौरान ‘श्री प्रेम भाया मंडल’ से जुड़े भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्री प्रेम भाया सरकार को रिझाया। भजनों की स्वर लहरियों के बीच पूरा मंदिर परिसर पुष्प वर्षा और इत्र की सुगंधित वर्षा से सराबोर हो उठा। इसके बाद, रात्रि बेला में निम्बार्क सत्संग मंडल की ओर से विशेष भजन और बधाई गायन की प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
उत्सव की शुरुआत में श्री नरवर आश्रम सेवा समिति प्रन्यास के अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा एवं महामंत्री ब्रजमोहन शर्मा ने भगवान सियाराम की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। पाटोत्सव के तहत आगामी दो दिनों तक मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी रहेगा।
शनिवार रात्रि 8 बजे से भव्य सामूहिक सुन्दरकांड का पाठ होगा, जिसके बाद भजन गायन की सुमधुर प्रस्तुतियां दी जाएंगी। रविवार सुबह 9 बजे से श्रीहरिनाम संकीर्तन और बधाई गायन का आयोजन किया जाएगा। इसी के साथ सुबह 9 बजे से ही मासिक रामयज्ञ की शुरुआत होगी, जिसमें विद्वान पंडितों द्वारा आहुतियां दिलाई जाएंगी।



















