जयपुर में घुसते ही पकड़ी गई 420 किलो घटिया पनीर की खेप

0
59

जयपुर। राज्य सरकार के शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए अलवर के रामगढ़ से जयपुर लाई जा रही 420 किलोग्राम घटिया एवं बासी पनीर की खेप को शहर में प्रवेश करते ही पकड़ लिया। इस पनीर से तेज दुर्गंध आने पर खाद्य सुरक्षा टीम ने नमूने लेकर शेष 419 किलोग्राम पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

डिप्टी सीएमएचओ (स्वास्थ्य) डॉ. सुरेंद्र गोयल ने बताया कि खो-नागोरियान थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान रामगढ़ (अलवर) से आ रही एक पिकअप को रोककर जांच की। जिसमें बड़ी मात्रा में पनीर मिला। पुलिस की सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पनीर से गंदी बदबू आने पर उसके नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए तथा शेष खेप को नष्ट कर दिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि पनीर रामगढ़ स्थित चौधरी डेयरी फर्म में तैयार किया गया था। आरोप है कि दूध से घी और मलाई निकालने के बाद बचे निम्न गुणवत्ता वाले दूध से पनीर बनाया जाता था और उसे मात्र 200 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से जयपुर शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी रिटेल डेयरियों और दुकानों पर सप्लाई किया जाता था।

डॉ. गोयल ने बताया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 तथा नियम-2011 के तहत संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने और मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान के तहत लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय कार्यालय के खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद थारवान, नंदकिशोर कुमावत एवं अवधेश गुप्ता सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here