खाली प्लॉट में मिला युवक का तीन दिन पुराना शव

0
66

जयपुर। राजधानी के जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक खाली प्लॉट में करीब 35 वर्षीय युवक का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक की करीब तीन दिन पहले हत्या कर शव को सुनसान स्थान पर लाकर फेंका गया। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और हत्यारों की तलाश में जुटी है।

थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7:30 बजे रोहित नगर स्थित एक खाली प्लॉट से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने आसपास तलाश की। इस दौरान प्लॉट की दीवार के पास एक युवक का सड़ा-गला शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मॉर्च्युरी भिजवा दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शव करीब तीन दिन पुराना है। शव काफी हद तक सड़-गल जाने के कारण हत्या किस प्रकार की गई, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को पहचान छिपाने की नीयत से खाली प्लॉट की दीवार के पास फेंका गया। मामले की जांच के तहत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि हत्या के कारणों और आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here