नशे के लिए मां की हत्या करने वाला बेटा गिरफ्तार

0
59
Son arrested for murdering mother to fund drug habit
Son arrested for murdering mother to fund drug habit

जयपुर। राजधानी के खोह-नागोरियान थाना क्षेत्र में नशे की लत ने एक परिवार को उजाड़ दिया। नशे के लिए रुपए नहीं मिलने पर एक युवक ने अपनी ही मां की सिर दीवार पर पटक कर और चेहरे पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी बेटे को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रंजीता शर्मा ने बताया कि शनिवार को खोह-नागोरियान थाना क्षेत्र में 55 वर्षीय पन्नी देवी की हत्या की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रविवार सुबह आरोपी बेटे अनिल बैरवा (27) पुत्र हजारीलाल बैरवा, निवासी जैतपुर, गंगापुर सिटी को खोह-नागोरियान क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वारदात के बाद मोबाइल स्विच ऑफ कर फरार हो गया था।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अनिल नशे का आदी है। शनिवार दोपहर उसके भाई मजदूरी पर गए हुए थे। इसी दौरान वह घर पहुंचा और मां पन्नी देवी से नशा करने के लिए रुपए मांगे। मां द्वारा रुपए देने से इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

गुस्से में आरोपी ने पहले मां का सिर पकड़कर दीवार पर दे मारा। इसके बाद जमीन पर गिरने पर चाकू उठाकर उनके चेहरे पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल पन्नी देवी किसी तरह कमरे के बाहर तक पहुंचीं, जहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
इधर महिला का शव घर के बाहर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

पुलिस ने आरोपी अनिल बैरवा को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के समय आरोपी किस प्रकार के नशे के प्रभाव में था तथा उसके खिलाफ पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं। हत्या में प्रयुक्त चाकू सहित अन्य साक्ष्यों को भी जब्त कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here