मौज-मस्ती के लिए दुपहिया वाह चुराने वाले अंतर जिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश

0
64

जयपुर। जवाहर सर्किल थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दुपहिया वाहन चुराने वाले अंतर जिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के सरगना सहित तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें 9 बाइक चालू हालत में मिली, जबकि 2 मोटरसाइकिलों के खुले हुए पार्ट्स भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि जवाहर सर्किल थाना पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दुपहिया वाहन चुराने वाले अंतर जिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते राकेश मीणा (24) निवासी सूरवाल (सवाई माधोपुर) हाल लूनियावास (जयपुर),हरिसिंह मीणा (23) निवासी नौरंगवाड़ा,जिला दौसा और फूल सिंह प्रजापत (19) निवासी नौरंगवाड़ा जिला दौसा को गिरफ्तार किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे महंगे शौक और मौज-मस्ती के लिए बाइक चोरी करते थे। पहले शहर के विभिन्न इलाकों में रेकी कर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते, फिर चोरी के बाद उन्हें सुनसान स्थानों या खंडहरों में छिपा देते थे। बाद में ग्राहकों की मांग के अनुसार उन्हें बेच देते थे। आरोपियों ने जवाहर सर्किल, बजाज नगर, शास्त्री नगर, शिप्रापथ और रामगंज थाना क्षेत्रों से वाहन चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।

पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ में वाहन चोरी की अन्य वारदातों और गिरोह के नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। इस कार्रवाई में थानाधिकारी महेश चन्द्र, डीएसटी के उपनिरीक्षक बन्नालाल, हेड कांस्टेबल श्याम लाल और प्रभु दयाल, कांस्टेबल नीरज, जवाहर सर्किल थाने के कांस्टेबल लोकेन्द्र सिंह तथा डीएसटी के कांस्टेबल देवेंद्र और हेमंत की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here