जयपुर। शहर के व्यस्त इंद्रा मार्केट में मंगलवार रात करीब 10:30 बजे एक कपड़े की दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण दुकान में लगे एयर कंडीशनर (एसी) में शॉर्ट सर्किट होना सामने आया है। हालांकि समय रहते दमकल और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। थानाधिकारी राजेश गौतम अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बिना देरी किए दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
आग पर समय रहते नियंत्रण पा लेने से वह विकराल रूप नहीं ले सकी और आसपास स्थित अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। घटना के दौरान बाजार क्षेत्र में लोगों और व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई थी।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग बुझाए जाने के बाद स्थानीय व्यापारियों और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह एसी में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।



















