10% आरक्षण की मांग को लेकर घुमंतु-अर्ध घुमंतु जातियों का महापड़ाव आज

0
38

जयपुर। घुमंतु और अर्ध घुमंतु जातियों को 10 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की मांग को लेकर अब इन समुदायों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। मांगों को लेकर डीएनटी जातियों का महापड़ाव 1 जुलाई बुधवार को विद्याधर नगर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें करीब एक लाख लोगों के जुटने का दावा किया जा रहा है।

पशुपालन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी राइका ने कहा कि घुमंतु-अर्ध घुमंतु जातियां केवल एक वर्ग नहीं बल्कि एक बड़ी आबादी हैं, जो प्रदेश में करीब 15 प्रतिशत है, लेकिन आज भी स्थायी मकान और पहचान के लिए संघर्ष कर रही हैं। उन्होंने बताया कि समाज पिछले दो वर्षों से आंदोलनरत है।

इससे पहले पाली में 32 घंटे तक दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे जाम किया गया था और 11 मई 2026 को जैसलमेर से जेल भरो आंदोलन भी शुरू किया गया था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार यदि मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो पहले शहीद स्मारक पर बड़ी सभा होगी और उसके बाद मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।

लालजी राइका ने कहा कि सरकार डीएनटी समाज की मांगों को लेकर संवेदनशील नहीं है। उन्होंने बताया कि हाल ही में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ हुई वार्ता में स्पष्ट हुआ कि सरकार ने अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्री स्तर पर वार्ता न होने से समाज में रोष है।

डीएनटी समाज की मांग है कि अनुसूचित जाति की जातियों को 3 प्रतिशत और ओबीसी वर्ग को 7 प्रतिशत, इस प्रकार कुल 10 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए। समाज ने स्पष्ट किया है कि अब वार्ता केवल मुख्यमंत्री स्तर पर ही स्वीकार होगी, किसी भी नौकरशाही स्तर की बातचीत को मान्य नहीं किया जाएगा। आंदोलन को लेकर प्रशासन भी सतर्क हो गया है, क्योंकि महापड़ाव में भारी भीड़ जुटने की संभावना जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here